--Advertisements--

डॉ. दीपिका सरकार के भरतनाट्यम में दिखी शास्त्रीय परंपरा और भाव-भंगिमाओं की सुंदरता

By Roshan Yadav

September 16, 2026

डॉ. दीपिका सरकार के भरतनाट्यम में दिखी शास्त्रीय परंपरा और भाव-भंगिमाओं की सुंदरता

*‘गणेश कौतुवम’, ‘देवी स्तुति’ और ‘स्वागतम् कृष्ण’ की भावपूर्ण प्रस्तुतियां*

रायगढ़, 16 सितम्बर 2026/ 41वें चक्रधर समारोह-2026 की सांस्कृतिक संध्या में रायगढ़ की भरतनाट्यम नृत्यांगना डॉ. दीपिका सरकार ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता को सामने रखा। दीपिका नृत्यालय की संस्थापक डॉ. दीपिका सरकार ने भरतनाट्यम की शास्त्रीय परंपरा के साथ भाव-भंगिमा, लय और ताल का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘गणेश कौतुवम’ से हुई। इसमें भगवान श्रीगणेश की वंदना को भरतनाट्यम की मुद्राओं और भावों के साथ प्रस्तुत किया गया। इसके बाद ‘देवी स्तुति’ में आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों और उनकी शक्ति को नृत्य के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। अंतिम प्रस्तुति ‘स्वागतम् कृष्ण’ की रही। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी लीलाओं को नृत्य एवं भावाभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। डॉ. दीपिका सरकार की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।

 

*कला साधना के लिए मिले अनेक सम्मान*

 

डॉ. दीपिका सरकार ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से वर्ष 2017 में भरतनाट्यम में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें नृत्य शिरोमणि सम्मान, कटक महोत्सव-2023, शौर्य प्रवाह विभूति-सिंगापुर 2019, भारत संस्कृति सम्मान-दुर्ग 2018, प्रजोत्सव सम्मान-भिलाई 2018, चक्रधर समारोह-2012 एवं आजादी का अमृत महोत्सव-2022 सहित अनेक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

 

*देश-विदेश में प्रस्तुति दे चुके हैं शिष्य*

 

डॉ. दीपिका सरकार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित अनेक शिष्यों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां दी हैं। उनके शिष्य सिंगापुर, दुबई, वियतनाम और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके प्रशिक्षण से रायगढ़ की भरतनाट्यम परंपरा को देश-विदेश में पहचान मिली है।

Roshan Yadav

Owner/Editor Chhattisgarh24.in Mo. 8225950078

Leave a Comment

Discover more from chhattisgarh24.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading