नवामुड़ा में संकुल स्तरीय कहानी मेला का भव्य आयोजन
💐कहानी, अभिनय और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने दिखाई प्रतिभा💐
लैलूंगा, 18 सितंबर 2026। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के तत्वावधान में आज शुक्रवार को शासकीय प्राथमिक शाला नवामुड़ा, संकुल केंद्र लमडांड, विकासखंड लैलूंगा, जिला रायगढ़ में संकुल स्तरीय कहानी मेला का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकुल केंद्र केंकराझरिया, बरडीह एवं लमडांड अंतर्गत प्राथमिक वर्ग के बच्चों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई । कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राथमिक शाला नवामुड़ा के कक्षा 4 थी की छात्रा कुमारी किरण बड़ा के स्वागत उद्बोधन से हुआ,
कहानी मेले का उद्देश्य बच्चों में कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति कौशल, रचनात्मक सोच, भाषा विकास एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा। बच्चों के लिए कुल सात आकर्षक काउंटर बनाए गए थे, जिनमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कहानी मेले के प्रमुख गतिविधि केंद्र इस प्रकार रहे—
1. कहानी वाचन — कठपुतली के माध्यम से कहानी बनाना एवं प्रस्तुत करना।
2. भूमिका अभिनय — कहानी के पात्र बनकर अभिनय करना।
3. चित्र देखकर कहानी निर्माण — चित्रों के आधार पर कल्पनाशील कहानी तैयार करना।
4. अधूरी कहानी पूर्ण करना — अपनी कल्पना एवं तर्कशक्ति से कहानी को आगे बढ़ाना।
5. कहानी एवं चित्र पजल — कहानी और चित्रों के माध्यम से तार्किक समझ विकसित करना।
6. शब्दों से कहानी निर्माण — दिए गए शब्दों का प्रयोग करते हुए कहानी बनाना।
7. दीवार पत्रिका — बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रदर्शित करना।
सभी काउंटरों पर बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ शिक्षकों एवं पालकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। बच्चों की रचनात्मकता, कहानी कहने की शैली एवं विषय को समझकर अपनी बात रखने की क्षमता ने उपस्थित अतिथियों एवं पालकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान शाला विकास समिति के सदस्यों एवं महिला समूहों द्वारा सभी प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत करते हुए मुँह मीठा कराया गया तथा न्योता भोजन कराया गया। शाला समिति की ओर से उपस्थित सभी शिक्षकों को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं पेन देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य रमाकांत पटेल, संकुल समन्वयक दयाराम बेहरा, गोपाल पटेल, काँती सिदार, सुजाता एवं साधना मैडम सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से भरत जी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कहानी मेले को सफल बनाने में सहायक शिक्षक वेद प्रकाश डनसेना की महत्वपूर्ण एवं सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने बच्चों एवं शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधान पाठक नंदकिशोर सतपथी ने कहानी मेले के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, पालकों, शाला विकास समिति के सदस्यों, महिला समूहों, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं सभी बच्चों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि कहानी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पना, भाषा, चिंतन और अभिव्यक्ति को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों को सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
संकुल स्तरीय कहानी मेला बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, शिक्षकों के समर्पण एवं समुदाय के सहयोग से एक यादगार एवं सफल शैक्षिक आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।
यदि।


Leave a Comment