--Advertisements--

जिला पंचायत कार्यालय पहुंचीं स्कूली छात्राएं, करीब से समझा प्रशासनिक कामकाज

By Roshan Yadav

September 19, 2026

जिला पंचायत कार्यालय पहुंचीं स्कूली छात्राएं, करीब से समझा प्रशासनिक कामकाज

 

*सीईओ श्री अभिजीत पठारे ने साझा किए अपने अनुभव, छात्राओं को लक्ष्य तय कर मेहनत करने के लिए किया प्रेरित*

 

रायगढ़, 19 सितम्बर 2026/ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एवं बेटियां @ वर्क के अंतर्गत स्कूली बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था की समझ विकसित करने के उद्देश्य से उन्हें विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में कन्या शाला राजीव नगर की कक्षा 9वीं एवं 11वीं की छात्राओं ने जिला पंचायत कार्यालय का भ्रमण किया। छात्राओं ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को करीब से देखा और प्रशासनिक कार्यों के संचालन तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को समझा।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत पठारे ने छात्राओं से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। श्री पठारे ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करते हैं। बच्चों के भविष्य और करियर को लेकर उनकी अनेक अपेक्षाएं होती हैं। ऐसे में विद्यार्थी जीवन अपने लक्ष्य की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें, लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए नियमित रूप से प्रयास करती रहें। जीवन में सफलता हासिल करना न केवल उनके लिए, बल्कि उनके माता-पिता के लिए भी सबसे बड़ी खुशी और गर्व का विषय होगा।

अपने अनुभव साझा करते हुए सीईओ श्री पठारे ने छात्राओं से कहा, “आज आप मुझे जिस भूमिका में देख रही हैं, मैं भी कभी आप लोगों की तरह ही विद्यार्थी था। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा हूं। आप भी अपने सपनों को लेकर अभी से गंभीर रहें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें। भ्रमण के दौरान छात्राओं को जिला पंचायत में संचालित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि शासकीय योजनाएं किस प्रकार तैयार होकर आम नागरिकों तक पहुंचती हैं।

सीईओ श्री अभिजीत पठारे ने छात्राओं को पेन भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Roshan Yadav

Owner/Editor Chhattisgarh24.in Mo. 8225950078

Leave a Comment

Discover more from chhattisgarh24.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading