--Advertisements--

दिव्यांगता को मात देकर आरती बेहरा ने रचा सफलता का इतिहास, बनीं कृषि विस्तार अधिकारी

By Roshan Yadav

November 5, 2026

 

दिव्यांगता को मात देकर आरती बेहरा ने रचा सफलता का इतिहास, बनीं कृषि विस्तार अधिकारी

सहयोग विद्या मंदिर तमनार की होनहार छात्रा की संघर्ष, संकल्प और सफलता की प्रेरणादायी कहानी

रायगढ़/तमनार    दृढ़ संकल्प और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है सहयोग विद्या मंदिर तमनार की होनहार छात्रा आरती बेहरा ने। शारीरिक दिव्यांगता और जीवन की तमाम कठिनाइयों को पीछे छोड़ते हुए आरती ने छत्तीसगढ़ शासन में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर चयनित होकर सफलता का नया इतिहास रच दिया है।

आरती का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। बचपन से ही हाथ-पैर में पोलियो से प्रभावित होने के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कम प्राप्तांक और शारीरिक असमर्थता का हवाला देकर एक विद्यालय ने उन्हें आगे पढ़ने योग्य नहीं मानते हुए टीसी थमा दी थी। ऐसे कठिन समय में आरती ने हिम्मत नहीं हारी और फोन के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।

आरती की लगन और पढ़ने की इच्छाशक्ति को देखते हुए सहयोग विद्या मंदिर तमनार ने अपने उद्देश्य ‘Education for All’ (सभी के लिए शिक्षा) के अनुरूप उन्हें शिक्षा और मार्गदर्शन देने का निर्णय लिया। विद्यालय के सहयोग और आरती की अथक मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा मेरिट के साथ उत्तीर्ण की।

उनकी इस उपलब्धि से प्रभावित होकर तत्कालीन रायगढ़ कलेक्टर अलरमेल मंगई डी. ने सामाजिक मंच पर आरती एवं विद्यालय को सम्मानित किया था। उन्होंने आरती की सफलता को जिले में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया था।

आरती ने यहीं रुकने के बजाय आगे बढ़ने का संकल्प लिया। बिना किसी कोचिंग के अपने पहले ही प्रयास में कृषि की प्रतियोगी परीक्षा PAT उत्तीर्ण कर उन्होंने सबको आश्चर्यचकित कर दिया। इसके बाद उनका चयन कृषि विश्वविद्यालय अंबिकापुर में हुआ। इस पूरी यात्रा में सहयोग विद्या मंदिर का मार्गदर्शन और सहयोग लगातार मिलता रहा।

जीवन की कठिनाइयां यहीं समाप्त नहीं हुईं। पढ़ाई पूरी कर घर लौटने के बाद आरती के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। मां को खोने के इस गहरे दुख के बावजूद उन्होंने सकारात्मक सोच और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाना जारी रखा।

आज आरती की मेहनत रंग लाई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उनका चयन कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने वर्ष 2024 में आयोजित कृषि विस्तार अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा में भाग लिया था, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह गौरवपूर्ण सफलता मिली है। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके पिता श्री प्रफुल्ल बेहरा भी बेहद प्रसन्न हैं।

आरती की यह सफलता केवल एक नौकरी प्राप्त करने की कहानी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, संघर्ष, शिक्षा और दृढ़ इच्छाशक्ति की जीत है। उन्होंने साबित कर दिया कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति के सपनों और प्रतिभा को सीमित नहीं कर सकतीं।

इसी गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में दीपावली उत्सव के दौरान सहयोग विद्या मंदिर तमनार में आरती बेहरा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके साथ दीप प्रज्वलित कर इस विशेष अवसर को उत्साह और गौरव के साथ मनाया।

विद्यालय के संचालक ने कहा कि सहयोग विद्या मंदिर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना है। आरती जैसी बेटियों की उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं और भविष्य में भी यह सहयोग अनवरत जारी रहेगा।

आरती बेहरा की यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने अपने संघर्ष से यह संदेश दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि इरादे मजबूत हों तो मंजिल अवश्य मिलती है।

संपूर्ण सहयोग परिवार ने बिटिया आरती बेहरा एवं उनके परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।

शाबाश आरती! आपकी सफलता पर पूरे तमनार क्षेत्र को गर्व है।

Roshan Yadav

Owner/Editor Chhattisgarh24.in Mo. 8225950078

Related Articles

जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति किया गया जागरूक

लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी-जिला पंचायत सीईओ

530 लीटर अवैध महुआ शराब के मामले में आरोपी को 1 वर्ष का सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड

यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ऐतिहासिक मड़ाई महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आज यादव सामुदायिक भवन में समाज के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित लोगों की बैठक आयोजित की गई।

शासकीय भूमि फर्जीवाड़े में कापू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी, अब भूमि विक्रेता भी गिरफ्तार

शिक्षा के मंदिर में बच्चों से मजदूरी कराने का गंभीर आरोप! कोटमीसोनार के सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल, प्रधान पाठक रत्ना सोनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

Leave a Comment

Discover more from chhattisgarh24.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading